नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 101वीं जंयती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट किया, राष्ट्र उनके दृष्टिकोण और प्रशासनिक कौशल को याद करता है।
मोदी ने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधीजी को श्रद्धांजलि।
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी ने देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री को उनकी समाधि शक्ति स्थल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल ने अपनी दादी के बारे में ट्वीट किया, निडर इंदिरा गांधी का एक गुण क्षमा है।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा, कृतज्ञ राष्ट्र उनकी शहादत व मजबूत व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करता है। उनकी याद पीढ़ियों को उनका अनुसरण करने के लिए प्रेरित करना जारी रखेगी।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, उनका देश के लिए प्यार व लोगों के कल्याण के लिए समर्पण हमेशा प्रेरणा बना रहेगा। लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव ने उन्हें महान लौह महिला बताया।
उन्होंने कहा, वह एक साहसी, मजबूत व विजनरी महिला थीं, जो हमारे देश के शत्रुओं के आगे कभी नहीं झुकीं। भारत के निर्माण में अपने महान योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। इंदिरा गांधी का जन्म उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 19 नवंबर, 1917 को हुआ था।