बाड़मेर : केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बाड़मेर के मुनाबाव पहुंचे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह जैसलमेर से मुनाबाव पहुंचे। केन्द्रीय गृह मंत्री बाद में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का जायजा लेने और जवानों से मिलने सीमा पर गए।
सीमा पर उपजे तनाव के बीच केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के जैसलमेर से सीधे मुनाबाव चौकी पहुंचने पर सीमा सुरक्षा बल की ओर से उन्हें सलामी दी गई। मुनाबाव पहुंचने के बाद राजनाथ ने वहां सैनिकों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। सिंह ने बाद में सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षाबलों के अधिकारियों से सुरक्षा प्रबंध की जानकारी लेकर समीक्षा की और बाद में जवानों को सम्बोधित कर उनकी हौसलाअफजाई की। केन्द्रीय गृहमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए फिर दोहराया कि जिस तरह किसान अपनी फसल की रखवाली करते हैं उसी तरह जवान सीमा की रखवाली कर रहे हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री ने बाद में अन्तरराष्ट्रीय सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। गृहमंत्री ने मुनाबाव बोर्डर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सीमा क्षेत्र को चौकस बनाने पर जोर दिया।
राजस्थान के बाड़मेर जिले का गांव है मुनाबाव। यह भारत-पाक सीमा पर स्थित है। भारत-पाकिस्तान के बीच चलने वाली थार एक्सप्रेस भी मुनाबाव से होकर ही गुजरती है।
उरी आतंकी हमले और उसके बाद भारत के लक्षित हमलों से उपजे तनाव के बीच केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को जैसलमेर पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से सटे पंजाब, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और गुजरात क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी और जवानों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया था।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने कल जैसलमेर में बैठक के बाद साल 2018 तक भारत-पाक सीमा को पूरी तरह से सील करने और सीमा सुरक्षा ग्रिड गठित करने की घोषणा की थी।