गुजरात के अहमदाबाद शहर को यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का दर्जा दे दिया है। यूनेस्को में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली रुचिरा कंबोज ने अपने ट्विटर के जरिए शनिवार को इसकी जानकारी दी। रुचिरा ने लिखा कि बहुत ही रोमांचित होकर घोकर घोषणा कर रही हूं कि अहमदाबाद को यूनेस्को द्वारा भारत का पहला वैश्विक धरोहर शहर का दर्जा दिया गया है।
गौरतलब है कि अहमदाबाद शहर का इतिहास 600 साल पुराना है। यही वो शहर है जहां से महात्मा गांधी ने अंग्रेजों से देश को आजाद कराने के लिए स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत की थी।
अहमदाबाद में कई ऐसे हिंदू और जैन मंदिर है जिनकी नक्काशी काफी सुंदर है। लकड़ी पर बनी ये नक्काशियां यहां आने वाले पर्यटकों का मन मोह लेती हैं। इसके साथ ही यह शहर इंडो-इस्लामिक वास्तुकला और हिंदू-मुस्लिम कला का एक जीता जागता उदाहरण है।
शहर की हवेलियों की बात की जाए तो आज भी वे पुराने राजा-रानियों की याद दिलाती हैं। रुचिरा ने अहमदाबाद का गुणगान करते हुए इन सब चीजों को बताने के अलावा यहां पर समय के साथ होते विकास के बारे में भी बताया।
पिछले साल मुंबई और दिल्ली से ऊपर रखकर अहमदाबाद का नाम विश्व धरोहर के नोमिनेशन के लिए यूनेस्कों में भेजा गया था।