मुंबई : मुंबई-गोवा राजमार्ग पर स्थित महाड़ में बीती देर रात एक पुल गिर जाने से कई वाहनों के कोंकण इलाके की सावित्री नदी में बह जाने की आशंका है। इस घटना के बाद से यातायात बाधित हो गया। रायगढ़ जिलाधिकारी शीतल उगाले ने बताया कि दो बसें लापता हैं और कुछ अन्य वाहनों के बह जाने की आशंका है। 22 लोग अब भी इस हादसे में लापता बताए जा रहे हैं। इलाके में लापता लोगों की खोज के लिए हेलीकॉप्टर से सर्च आपरेशन किया जा रहा है।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सुवेज हक और जिलाधिकारी ने उस स्थान का दौरा किया जहां पर यह पुल हुआ करता था। अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान बाधित हो गए थे। आज सुबह बचाव अभियान फिर से शुरू कर दिया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फडणवीस ने कहा कि मुंबई-गोवा राजमार्ग पर स्थित पुल के ढहने की घटना के बारे में मैंने रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से बात की है। बचाव कार्य और तात्कालिक उपायों के लिए प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि वहां दो समानांतर पुल थे। इनमें से एक पुल नया था जबकि दूसरा अंग्रेजों के जमाना का था। पुराना वाला पुल गिरा है। पुल पर पड़ने वाला भारी दबाव पुल गिरने की मुख्य वजह लग रहा है। यह दबाव महाबलेश्वर में भारी बारिश के कारण सावित्री नदी में आई बाढ़ के कारण है।
फडणवीस ने आज सुबह ट्वीट कर कहा कि राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। प्रशासन नए पुल की मजबूती और क्षमता का आकलन कर रहा है।हताहत हुए लोगों के बारे में कोई निश्चित जानकारी नहीं है। एनडीआरएफ और नौ सेना की मदद से बचाव कार्य चलाये जा रहे हैं।