हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 जून को पुणे से स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर काम का उद्घाटन करेंगे। केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये काम एक साथ देशभर के 20 शहरों में शुरू होंगे। कुछ शहरों के ‘स्मार्ट शहरों’ के तौर पर विकसित होने से अन्य शहर भी प्रगति के लिए काम करने को प्रोत्साहित होंगे। नायडू ने कहा कि यह एक लाइट हाउस जैसा है। यदि एक लाइट हाउस अस्तित्व में आता है तो हर कोई उसे देखेगा। यदि कुछ स्मार्ट शहर विकसित होते हैं तो अन्य शहरों के बीच भी प्रतिस्पर्धा होगी और नगर निकाय अपना राजस्व बढ़ाएंगे और चीजों में सुधार होगा।
राजग सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक स्मार्ट सिटी मिशन की घोषणा पिछले साल 25 जून को की गई थी। मंत्री ने कहा कि मोदी अपनी अनूठी सोच के साथ देश को प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं। उन्होंने नीम की परत चढ़ी यूरिया और युद्धस्तर पर राजमार्गों के निर्माण का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस राजग सरकार और मोदी का आदर्श वाक्य ‘सुधार, निष्पादन और परिवर्तन (रिफार्म, परफार्म एंड ट्रांसफार्म)’ है। नायडू ने कहा, ‘हम गर्व से कह सकते हैं कि यह नरेन्द्र मोदी ही हैं जो इस देश के सुधारक, निष्पादक और परिवर्तक हैं।’
प्रधानमंत्री की प्रशंसा करने पर कांग्रेस द्वारा उनपर तंज कसे जाने के संदर्भ में नायडू ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि अच्छे काम के लिए ऐसा क्यों नहीं किया जा सकता। ‘क्या हर समय केवल एक परिवार की ही प्रशंसा की जानी चाहिए जिसके नाम पर देश में सड़कों, हवाईअड्डों और यहां तक कि नहरों के नाम रखे गए हैं।’ नायडू ने पूर्व में मोदी को ‘भारत को ईश्वर का उपहार’ और ‘गरीबों का मसीहा’ करार दिया था जिसको लेकर कांग्रेस ने उन पर तंज कसा था। नायडू राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्वाचित किए जाने के बाद तेलंगाना भाजपा मुख्यालय आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सही मायने में अखिल भारतीय पार्टी के तौर पर उभरी है, जिसकी उपस्थिति पूरे देश में दिखाई देती है। ‘मोदी आने वाले दिनों में देश में और क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे।’ संसदीय मामलों के मंत्री ने नायडू ने कहा, ‘राज्यसभा में हमारा पूर्ण बहुमत नहीं है, अन्यथा वाहन और भी तेज गति से आगे बढ़ता। आने वाले दिनों में राज्यसभा की बाधा घटने की संभावना है। कांग्रेस पार्टी कमजोर हो रही है।’
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्यसभा के 57 रिक्त पदों को भरने के लिए हुए इस चुनाव में अल्पसंख्यक समुदाय से दो नेताओं (मुख्तार अब्बास नकवी और एमजे अकबर) को नामित करने वाली अकेली पार्टी है। मोदी भाजपा के लिए सबसे बड़े संचारक हैं और उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से तेलंगाना में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।