BIHAR : सूबे की राजनीतिक में आरोप प्रत्यारोप का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल चारा घोटाला मामले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तीसरे केस में दोषी करार दिए गए हैं और उन्हें आज ही 2.30 बजे इस मामले में सजा सुनाई जाएगी। इस केस में 56 लोगों में कुल पचास लोग दोषी पाए गए हैं और छह लोग बरी कर दिए गए हैं। कोर्ट के इस फैसले के बाद लालू के छोटे पुत्र तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है और कहा कि उन्होंने ही मेरे पिता को फंसाया है।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार के भीष्म पितामह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ मिलकर लालू जी को फंसाया है। इनलोगों का टारगेट हैं लालू यादव, बार-बार दिल्ली बिहार के विकास के लिए नहीं जाते हैं लालू को कैसे सजा और दी जाए ये तय करने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और भाजपा हर हाल में लोकसभा के साथ ही बिहार विधानसभा का चुनाव भी 2018 के अंत करा लेना चाहते हैं। इसी की ये सब पूरी तैयारी चल रही है। अभी भूपेंद्र यादव बिहार आए थे और अाज आरएसएस के मोहन भागवत भी बिहार में घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लालू यादव के जेल जाने से बिहार की जनता में आक्रोश है। आप ही देख लीजिए ना कि जनता का सबसे ज्यादा वोट पाने वाले लालू यादव जेल में हैं और जिन्हें वोट नहीं मिला वो तोड़-मोड़कर बिहार की गद्दी पर जा बैठे हैं। उन्हें जनता जवाब देगी।
तेजस्वी ने कहा कि लालू बिहार की जनता के दिलों में बसे हैं। हम जनता की अदालत में जाएंगे। लालू को जेल में रखने की साजिश हो रही है। सबसे बड़ी भूमिका नीतीश कुमार की है। बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है। सीबीआइ अदालत का फैसला अंतिम नहीं है। हम सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे।चारा घोटाला मामले में चाईबासा कोषागार से 33.67 करोड़ रुपये की अवैध निकाषी के मामले में आज रांची की विशेष सीबीआइ की एस एस प्रसाद की कोर्ट ने ये फैसला दिया है।
अवैध निकासी के इस मामले में लालू के साथ ही बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा, विघासागर निषाद जगदीश शर्मा, आरके राणा दोषी सहित सिलास तिर्की भी दोषी पाए गए हैं। इस मामले में अभी कोर्ट में बहस जारी है और हो सकता है कि आज ही सजा का भी ऐलान हो जाए। उसके बाद राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि हम चुप नहीं बैठेंगे और उच्च न्यायालय की शरण में जाएंगे।