पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को ज्यादा चाक चौबंद और फुलप्रूफ बनाने के लिए अब कई अत्याधुनिक उपकरणों की मदद ली जायेगी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ज्यादा अभेद बनाने के लिए सात तरह के उपकरण मंगवाये जा रहे हैं।
खबरों के अनुसार इन उपकरणों की मदद से मुख्यमंत्री को कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करायी जायेगी और यह सुरक्षा जांच में भी काफी कारगर साबित होंगे। बताया जाता है कि गृह विभाग ने इन उपकरणों की खरीद के लिए चार करोड़ 29 लाख रुपये जारी कर दिये हैं। इनकी खरीद का कार्य तीन महीने में पूरा कर लिया जायेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पहले से ही जेड प्लस और एसएसपीजी (स्टेट स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) की सुरक्षा मुहैया है। ये सुरक्षा प्रहरी एमपी-5 और मैमेरिक जैसे बेहद आधुनिक हथियारों से लैस रहते हैं। अब इनकी सुरक्षा में आधुनिक उपकरणों को शामिल करने से इसमें ज्यादा इजाफा होगा।
इन उपकरणों की होनी है खरीद :
सैटेलाइट फोन– फिलवक्त पांच फोन खरीदे जायेंगे। ये फोन बिना किसी मोबाइल नेटवर्क के भी काम कर सकते हैं। किसी दुर्गम स्थानों पर भी संचार व्यवस्था बनाये रखने के लिए ये फोन बेहद जरूरी है।
मोटोरोला व्हाइस डूसर– करीब 30 की संख्या में इसकी खरीद होगी। इसकी मदद से किसी भी वार्तालाप या मोबाइल पर हो रही आपसी बातचीत को रिकॉर्ड किया या सुना जा सकता है। कोई भी गुप्त बात नहीं रह पायेगी।
टेलीस्कोप-10 टेलीस्कोप खरीदे जाएंगे। इसे आधुनिक गन या ऐसे भी उपयोग किया जा सकता है। दूर से ही चीजों को देखने और खतरे को भांपने के लिए यह उपयोगी।
एलइडी ड्रैगन लाइट– इसे 8 की संख्या में खरीदा जायेगा। सिग्नल देने या हथियारों से अचूक निशाना लगाने में काम आते हैं।
डी-बगिंग एक्यूपमेंट– दो की संख्या में इसकी खरीद होगी। इनकी मदद से कई तरह के खुफिया तरीके से छिपे यंत्रों का पता लगाया जा सकता है या इनके काम करने की क्षमता को खत्म या बंद किया जा सकता है। जैसे खुफिया कैमरे समेत अन्य तरह के डेटेक्टर का पता लगाया जा सकता है।
वायरलेस टैक्टिकल ऑब्जर्वेशन कैमरा– पांच की संख्या में इसकी खरीद होगी। इसकी मदद से कई तरह के सुरक्षा कार्य किये जा सकते हैं।
टैक्टिकल ब्लैंकेट सिस्टम– पांच की संख्या में होगी खरीद। इनकी मदद से कई विस्फोटों, पथराव समेत अन्य विषम परिस्थितियों से सुरक्षा की जा सकती है।