नई दिल्ली। मॉनसून के आगमन से पहले चिलचिलाती गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार को ऐसा लग रहा था जैसे आसमान से आग बरस रही हो। दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में गर्मी ने एक दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां का अधिकतम तापमान 47.0 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। वहीं गर्मी के कारण पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में आठ लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार आसमान साफ होने और राजस्थान की ओर से चल रही पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में एकाएक इजाफा देखा गया। अभी अगले 24 घंटे तक यही स्थिति बनी रहेगी। अलबत्ता, सोमवार रात से जम्मू कश्मीर की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते मंगलवार से शनिवार तक राहत का दौर बना रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में दिनभर आसमान से शोले बरसते रहे, जिससे सड़कों पर आवाजाही बेहद कम रही। बांदा में पारा 48 के पार चला गया। इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा में लू से एक युवक की मौत हो गई।
पंजाब में जून में भी गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। रविवार को सूर्य देव ने दिन भर आग उगली। राज्य का बठिंडा शहर सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि फिरोजपुर का 47.6 व अमृतसर का 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी से राज्य में चार लोगों की मौत हो गई।
हरियाणा के फतेहाबाद में तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, फरीदाबाद, गुरुग्राम, यमुनानगर, जींद, कैथल और बहादुरगढ़ भी 47 डिग्री तापमान पर तपते रहे। राज्य में गर्मी से दो लोगों की मौत हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार छह जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। मंगलवार से मौसम के मिजाज में बदलाव संभव है और आंधी के साथ बारिश की संभावना बन रही है।