मुंबई : हिंदी फिल्म जगत रेखा की खूबसूरती और उनकी अदाकारी के सभी लोग दीवाने है। दुनियाभर में रेखा के प्रशंसक मौजूद हैं। बीते दिनों रेखा की ऑटोबायोग्राफी ‘रेखा : द अनटोल्ड स्टोरी’ भी बाजार में आई। इसे यासेर उस्मान ने लिखा है। इस किताब में रेखा के जीवन से जुड़ी कई दिलचस्प बातों पर प्रकाश डालने की कोशिश की गई है। आज रेखा का जन्मदिन है। इस मौके पर ऐसी ही रोचक बातों को बताती ये रिपोर्ट।
सबसे दिलचस्प बात फिल्मों में रेखा की शुरूआत से जुड़ी है। जी हां। इसमें बताया गया है कि पहली बार ऑनस्क्रीन ‘किस’ को लेकर रेखा का रिस्पांस कैसा था। चौंक गए ना आप। मगर यही सच है। 15 साल की उम्र में रेखा ने पहली बार ‘किस’ किया था। यह सीन एक्टर विश्वजीत के साथ शूट हुआ था। फिल्म ‘अनजाना सफर’ की शूटिंग के दौरान विश्वजीत ने रेखा को जबरदस्ती ‘किस’ करना शुरू कर दिया था। यह वाकया पूरे पांच मिनट तक चलता रहा। इस बात ने रेखा को परेशान कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक मुंबई स्थित महबूब स्टूडियो में निर्देशक राजा नवाथे की इस फिल्म की शूटिंग के पहले शेड्यूल में कुलजीत पाल, राजा और विश्वजीत ने रेखा के लिए एक प्लान बनाया। इस समय रेखा और विश्वजीत के बीच एक रोमांटिक सीन भी फिल्माया जाना था। निर्देशक ने जैसे ही एक्शन बोला, विश्वजीत ने रेखा को अपनी बाहों में लिया और ‘किस’ करने लगे।
रेखा हैरान थीं। इस ‘किस’ के बारे में रेखा को भी नहीं बताया गया था। कैमरा रोल होता रहा। विश्वजीत इस दौरान रेखा को ‘किस’ करते रहे। निर्देशक ने कट भी नहीं बोला। इन पांच मिनटों में यूनिट मेंबर्स सीटियां बजाकर चीयर करते रहे। रेखा की आंखे तो बंद थी। मगर उनके आंसू साफ नजर आ रहे थे।
विश्वजीत ने इस ‘किस’ सीन पर सफाई देते हुए कहा था कि मेरी कोई गलती नहीं है। मैंने यह सब निर्देशक राजा नवाथे के कहने पर किया। यह एन्जॉयमेंट के लिए नहीं था, बल्कि फिल्म के लिए जरूरी था। हालांकि, रेखा उस समय गुस्से में थीं, क्योंकि उन्हें धोखा दिया गया था।