श्रीनगर : केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अमरनाथ गुफा में पारंपरिक पूजा और दर्शन में हिस्सा लिया। साथ ही श्रीनगर स्थित हजरतबल दरगाह पर जियारत की। राजनाथ शनिवार सुबह दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में भगवान अमरनाथ की पवित्र गुफा के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। सिंह के साथ जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल एन.एन.वोहरा भी थे। वोहरा श्री अमरनाथ मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, जो भगवान अमरनाथ की वार्षिक यात्रा का आयोजन करता है।
राजनाथ और वोहरा इस साल की 48 दिनों तक चलने वाली यात्रा के शुभारंभ की घोषणा के लिए गुफा के अंदर विशेष पूजा में शामिल हुए। दोनों ने देश में शांति और विकास के लिए प्रार्थना की। गुफा के दर्शन के बाद राजनाथ ने ट्वीट कर कहा कि आज सुबह अमरनाथ जी की गुफा का दर्शन कर धन्य हो गया। जय बाबा भोले नाथ।
बाबा बर्फानी के दर्शन के बाद बाद केंद्रीय गृहमंत्री ने श्रीनगर स्थित हजरतबल दरगाह पर भी जियारत की। इस दौरान राज्य के पुलिस महानिदेशक के. राजेंद्र कुमार राजनाथ सिंह के साथ थे। इससे पहले श्री सिंह ने शुक्रवार को एक बैठक में जम्मू एवं कश्मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की, जिसमें अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, केंद्रीय खुफिया और सुरक्षा बल एजेंसियों के अलावा राज्यपाल एन.एन. वोहरा और मुख्यमंत्रीमहबूबा मुफ्ती ने भाग लिया था । इस दौरान अमरनाथ तीर्थयात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में सिंह को जानकारी दी गई। यात्रा में हर साल लाखों लोग भाग लेते हैं। बैठक में हुई चर्चा के बारे में अधिकारियों ने कहा कि बैठक के दौरान राज्य से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। नियंत्रण रेखा पर व्यापार के लिए और मार्ग खोले जाने के मुद्दे पर राजनाथ ने सकारात्मक परिणाम का आश्वासन दिया। इसके अलावा विदेशियों को नुब्रा घाटी सहित लद्दाख की यात्रा की अनुमति, भूमि संबंधी मुद्दों के त्वरित समाधान और शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि पर चर्चा हुई।