नई दिल्ली : पूर्व वित्तमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के अंतिम दर्शन के लिए भाजपा मुख्यालय के बाहर लोग बड़ी संख्या में दिखाई दिए। उनके पार्थिव शरीर को निगम बोध घाट अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
अंतिम संस्कार 2.30 बजे किया जाएगा। दीनदयाल उपाध्याय रोड पर स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।
एम्स में शनिवार को लंबी बीमारी के बाद जेटली का निधन हो गया, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को दक्षिणी दिल्ली के कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास में रखा गया था।
सुबह उनके पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह, हर्षवर्धन, राजनाथ सिंह व पीयूष गोयल, झारखंड़ के मुख्यमंत्री रघुबर दास, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा पार्टी मुख्यालय में दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे।
जेटली को याद करते हुए उनके करीबी दोस्त और टीवी एंकर रजत शर्मा ने कहा, उनके जैसा दोस्त कभी नहीं मिल सकता। उनके दिखाए रास्ते पर हमेशा चलता रहूंगा।