इलाहाबाद : भारतीय जनता पार्टी का कहना है कि वैश्विक मंदी और लगातार दो साल के सूखे के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। इलाहाबाद में बीती रात पार्टी की राष्ट्रीय कायर्कारिणी में पारित आर्थिक प्रस्ताव में विश्वास व्यक्त किया गया कि गरीबों के जीवन स्तर में बदलाव आयेगा। पार्टी ने आर्थिक वृद्धि का श्रेय मोदी सरकार के व्यापक, निरन्तर प्रयासों और विवेकपूर्ण नीतियों को दिया।
प्रस्ताव में कहा गया कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष के दौरान देश का सकल घरेलू उत्पाद 2014-15 में बढ़कर सात दशमलव दो प्रतिशत और 2015-16 में सात दशमलव छह प्रतिशत हो गया और पिछली तिमाही में वृद्धि दर सात दशमलव नौ प्रतिशत रही।
प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने, घोटाला मुक्त प्रशासन और विवेकपूर्ण वित्तीय प्रबंधन नीतियों के कारण निवेशकों का भरोसा काफी बढ़ा है।
प्रस्ताव में पिछली यूपीए सरकार द्वारा दी गई खराब अर्थव्यवस्था का हवाला दिया गया है। इससे पहले कल पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने अपने उद्धाटन उद्बोधन में मथुरा और कैराना की घटनाओं पर चिंता प्रकट करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कानून और व्यवस्था पर कई सवाल किए। उन्होंने उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने को कहा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वरिष्ठ केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अरूण जेटली, भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।