ढाका : आये दिन पड़ोसी नेपाल से बुरी खबर के बीच आज एक और पड़ोसी बांग्लादेश से अच्छी खबर आई है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉक्टर ए. के. अब्दुल ने कहा है कि भारत के साथ उसके संबंध ऐतिहासिक और प्रगाढ़ है जबकि चीन के साथ ये आर्थिक मायने से महत्वपूर्ण है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉक्टर ए. के. अब्दुल मोमिन ने आज ढाका में मुजीबनगर मुक्तियोद्धा स्मारक परिसर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा कि हमारी जीत भारत की जीत है। हमारा विकास भारत का विकास है। दोनों देशों के संबंधों को कोई बिगाड नही सकता।
श्री मोमिन ने लोगों से कहा कि वे भारत और चीन के साथ बांग्लादेश के संबंधों की परस्पर तुलना न करें। दोनों देशों के साथ संबंध अलग-अलग नजरिए से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश का एक बडा व्यापारिक साझेदार है। बांग्लादेश भारत के साथ व्यापार और बढाना चाहता है। दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों को सुलझाया है और जल बंटवारे के मामले में भी प्रगति की है। श्री मोमिन ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत के साथ लंबित अन्य मुद्दे भी जल्द सुलझा लिए जाएंगे।