नयी दिल्ली : गृह मंत्रालय के एक संवेदनशील संभाग में काम कर रहे एक अधिकारी को कथित रूप से भ्रष्ट एवं अनैतिक गतिविधियों में लिप्त रहने को लेकर बर्खास्त किया गया है।
गृह मंत्रालय के पुलिस संभाग में काम कर रहे जी सी यादव को भ्रष्टाचार समेत कई गड़बड़ियों में कथित रूप से संलिप्त पाये जाने के बाद उनकी सेवा समाप्त कर दी गयी। यादव कुछ समय पहले उप सचिव पद से सेवानिवृत हुए थे और उन्हें अनुबंध के आधार पर परामर्शदाता के रूप में फिर नियुक्त किया गया था। उनके कथित कदाचार का कड़ा संज्ञान लेते हुए गृह मंत्रालय ने पिछले हफ्ते उनका अनुबंध अचानक खत्म करने का आदेश दिया।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हमारी सरकार स्वच्छ एवं कुशल प्रशासन प्रदान करने को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है और अधिकारी को उसके विरूद्ध काम करते हुए पाया गया। अतएव कार्रवाई की गयी। पुलिस संभाग गृह मंत्रालय का बहुत ही संवेदनशील संभाग माना जाता है और वह देशभर में आईपीएस से जुड़े मामलों को देखता है। गृह मंत्रालय आईपीएस अधिकारियों का कैडर नियंत्रक प्राधिकार है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों की कार्यकुशलता की समीक्षा कर रही है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सरकार भ्रष्ट आचरण में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।