DESK : विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अभी से तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में विधानसभा चुनाव का बिगुल संताल परगना से फूंक दिया है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा के राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले संताल परगना के जामताड़ा में भाजपा के जोहार जनआशीर्वाद यात्रा को शुरू की। शाह ने जनता से आग्रह किया कि लोकसभा चुनाव की तरह ही आशीर्वाद हमें आपसे विधानसभा चुनाव में भी चाहिए।
थोड़ी देर में शाह यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ से पहले उन्होंने यहां मां काली का आशीर्वाद लिया। इससे पहले गृहमंत्री अमित शाह विशेष विमान से रांची पहुंचे जहां हवाईअड्डा पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वागत उनका किया। रांची से हेलीकॉप्टर पर सवार होकर गृह मंत्री और मुख्यमंत्री जामताड़ा पहुंचे जहां बनाए गये हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
रांची से लेकर जामताड़ा तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर 2019 में होना है और अब दो-तीन महीने का वक्त ही शेष है। भाजपा विधानसभा चुनाव जीतकर झारखंड की सत्ता में वापसी के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है।