नई दिल्ली : उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में गीता प्रेस से बर्खास्त किए जाने के बाद छह कर्मचारियों ने आत्मदाह की कोशिश की। कर्मचारियों ने सुसाइड करने के लिए अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की जिसके बाद हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस ने सुसाइड की कोशिश कर रहे कर्मचारियों को फौरन हिरासत में लिया। इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ। मामला राजघाट थाना के गीताप्रेस के मेन गेट का है।
बताते चलें कि कम वेतन भुगतान को लेकर पिछले एक साल से प्रबंधन और कर्मचारियों में विवाद चल रहा है। वहीं प्रबंधन द्वारा कुछ दिनों पहले 15 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया था। जिस पर अपनी बहाली को लेकर बर्खास्त कर्मचारी आंदोलित थे और प्रबंधन आंदोलनकारी कर्मचारियों की बहाल नहीं कर रहा था। जिस पर बर्खास्त कर्मचारियों ने आत्मदाह की कोशिश की।
कर्मचारियों ने गीता प्रेस प्रबंधन पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों के शोषण करने की बात कही है। जबकि मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा है कि बर्खास्त कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। बातचीत कर समस्या को सुलझाने की कोशिश की जा रही है।