नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के जिलों में गंगा ने सोमवार को खतरे के निशान को पार कर लिया। गंगा से आई बाढ़ के चलते कई जिले प्रभावित हो गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में यमुना भी उफान पर है। उत्तर प्रदेश में गंगा फाफामौ (इलाहाबाद), मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। वाराणसी में गंगा खतरे के निशान से उपर बह रही है और खेती प्रभावित हुई है। भदोही में भी गंगा खतरे के निशान से उपर है।
बिहार में गंगा और छह अन्य नदियां पटना, भागलपुर, खगड़िया, कटिहार, सिवान, भोजपुर, बक्सर और हाजीपुर जिलों में खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। गंगा से सटे बिहार के सभी जिले प्रभावित हैं। यह जानकारी आपदा प्रबंधन विभाग के एक बयान में दी गई है। बिहार में, राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल को तैनात किया गया है और सेना को अलर्ट पर रखा गया है क्योंकि गंगा के बढ़ते जलस्तर ने इसके तट पर बसे सभी जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।
पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के कई गांवों का विशाल क्षेत्र पानी में डूब गया है जिस वजह से तकरीबन 20,000 लोग प्रभावित हुए हैं जबकि दक्षिणी हिस्सों के जिलों और उप हिमालय क्षेत्र में कल भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।