नई दिल्ली : टीसीएस (टाटा कन्सलटेंसी सर्विसेज़) के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा सन्स ने अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके साथ ही कंपनी में पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद से जारी अनिश्चितताओं का अंत हो गया है।
53 वर्षीय नटराजन चंद्रशेखरन को साइरस मिस्त्री का जगह टाटा संस की कमान दी गई है। टाटा के 150 वर्षों के इतिहास में चंद्रशेखरन टाटा के पहले गैर पारसी चेयरमैन होंगे।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में साइरस मिस्त्री को टाटा सन्स के चेयरमैन पद से हटाया गया था और उनकी जगह रतन टाटा ने कंपनी के अंतरिम चेयरमैन के तौर पर काम दोबारा संभाला था।
नटराजन चंद्रशेखरन को साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाने के कुछ ही दिन बाद टाटा संस के निदेशक मंडल में शामिल किया गया था। बताया जा रहा है कि टीसीएस में वर्ष 2009 से मुख्य कार्यकारी की भूमिका निभा रहे नटराजन चंद्रशेखरन को टाटा संस की जिम्मेदारी टीसीएस के शानदार प्रदर्शन के आधार पर मिली है। आज ही टीसीएस के तिमाही नतीजे भी आए हैं जिनमें कंपनी का शानदार प्रदर्शन जारी रहा है।
पिछले वर्ष अक्तूबर में टाटा बोर्ड ने साइरस मिस्त्री को हटाने के फ़ैसले के बाद नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए पाँच सदस्यों की एक समिति बनाई थी जिसमें रतन टाटा भी शामिल थे। समिति को चार महीने के भीतर नए अध्यक्ष का चुनाव करना था जिसने एकमत से एन चंद्रशेखरन के नाम की सिफ़ारिश की।
टाटा सन्स के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स ने गुरूवार को एक बैठक कर समिति की सिफ़ारिश पर मुहर लगाते हुए एन चंद्रशेखरन को कंपनी का एक्ज़ेक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त कर दिया। चंद्रशेखरन 21 फ़रवरी को अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
मालूम हो कि टाटा सन्स टाटा की विभिन्न कंपनियों की होल्डिंग कंपनी है जिनमें जगुआर लैंड रोवर जैसी कार बनानेवाली कंपनी से लेकर, स्टील और नमक बनानेवाली कंपनी तक शामिल हैं।