डेस्क : भारत में कोरोनावायरस संक्रमण में बढ़ोतरी देखी जा रही है। पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 96 हजार 424 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ 1174 लोगों की मौत भी हुई है। इसके साथ ही भारत में अब संक्रमितों की संख्या 52 लाख के पार पहुंच चुकी है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी 84,372 पर पहुंच गया है। हालांकि राहत की खबर भी है कि देश में रिकवरी रेट 79 फीसदी के करीब पहुंच गया है, जबकि मृत्यु दर 1.62 फीसदी तक गिर गई है।
इस बीच एक परेशान करने वाली बात यह है कि भारत में अब एक्टिव केसों की संख्या 10.17 लाख के पार जा चुकी है। अस्पताल से ठीक होकर लौटने वाले मरीजों की संख्या भी 41 लाख से ज्यादा हो गई है।
भारत कोरोना मामले में तीसरे पायदान पर
दुनियाभर में अब तक कोरोना मरीजों की कुल संख्या 3 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। इसमें चौंकाने वाली बात यह है कि दुनियाभर के इतने केसों में 54 फीसदी हिस्सेदारी अमेरिका (66 लाख 74 हजार केस), भारत और ब्राजील (44 लाख 55 हजार केस) जिम्मेदार हैं। फिलहाल दुनिया में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या भी तेजी से 10 लाख के करीब पहुंच रही है। अब तक 9 लाख 44 हजार लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इसमें भारत 84 हजार मरीजों की संख्या के साथ टॉप-3 देशों में शामिल है।