नई दिल्ली. भारत-चीन के बीच चल रहे डोकलाम विवाद पर दुनिया के कई देशों ने भारत के रुख का समर्थन किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलेतौर पर भारत का समर्थन किया है। अंतर्राष्ट्रीय मीडिया ने भी भारत के प्रति सहानुभूति दिखाई है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को मिले समर्थन से चीन बौखला गया है।
चीनी मीडिया ने भारत को मिले अंतर्राष्ट्रीय समर्थन पर पश्चिमी मीडिया पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि पश्चिमी मीडिया में भारत के पक्ष में रिपोर्टिंग की जा रही है क्योंकि यहां लोकतंत्र है।
ग्लोबल टाइम्स के लेख में कहा गया है कि पश्चिमी मीडिया में भारत के प्रति सहानुभूति दिखाई जा रही है। विश्व पटल पर भारत को एक इमानदार और अच्छे देश के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसे चीन ने तबाह किया है। हालांकि इसमें बिल्कुल भी सच्चाई नहीं है। सच यह है कि भारत अवैध रूप के चीनी क्षेत्र में प्रवेश कर रहा है। चीन और भूटान के बीच के क्षेत्रिय विवाद में दखलंदाजी कर अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर रहा है।
लेख के मुताबिक, ‘पश्चिमी मीडिया का मानना है कि भारत शांति प्रिय देश है। भारत कभी किसी पड़ोसी पर हमले के पक्ष में नहीं रहा। लेकिन हकीकत यह है कि भारतीय सेना ने चीन की सीमा में घुसपैठ की और विवाद पैदा कर दिया है। भारत, भूटान की वजह से चीन से उलझ रहा है, लेकिन नई दिल्ली को अपने हिमालयी पड़ोसी की फिक्र नहीं है। भारत की भलाई इसी में है कि वो तुरंत अपनी सेना पीछे हटा ले।’