Rajpath Desk : भाजपा के एमएलसी सुनील कुमार सिंह का मंगलवार की देर शाम पटना एम्स में निधन हो गया। छह दिन पूर्व कोरोना संक्रमण के कारण एम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां हृदय गति रूकने से उनका निधन हो गया। श्री सिंह पहली बार दरभंगा स्थानीय प्राधिकार से विधान परिषद के लिए निर्वाचित हुए थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद के सदस्य सुनील कुमार सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उनका निधन राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उनके निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया है। उनके निधन पर भाजपा परिवार और वे खुद मर्माहत हैं। श्री मोदी ने दिवंगत आत्मा की शांति व शुभचिंतकों, समर्थकों व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की इश्वर से प्रार्थना की है।
वहीं राज्य में कोरोना पॉजिटिवों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को 431, तो रविवार को 678 सैंपल पॉजिटिव पाये गए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पॉजिटिवों की संख्या बढ़कर 28,564 हो गयी है।