हाजीपुर| बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक यात्री बस और ऑटो के बीच हुई टक्कर में पांच महिलाओं सहित 10 लोगों की मौत हो गई और अन्य तीन लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुर्घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार, हाजीपुर से एक ऑटो यात्रियों को लेकर सराय की ओर जा रही थी, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) संख्या 77 पर सराय पुरानी बाजार के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक यात्री बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सभी मृतक सराय या इसके आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान ज्ञान प्रकाश, संजय कुमार, अंजू देवी, मोहम्मद सत्तार, शकीला बेगम, यशोमती देवी, प्रमिला देवी, लखिंदर राय, राजमती देवी और रत्नेश कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री बैठे हुए थे। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में घायल तीन यात्रियों को इलाज के लिए हाजीपुर के सदर अस्पताल में भर्ती करराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उधर, मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये बतौर आर्थिक मदद और घायलों के लिए मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है।