नई दिल्ली : संसद की वीडियोग्राफी करने को लेकर घिरे आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। अकाली दल पार्टी के सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बीजेपी के महेश गिरी और आम आदमी पार्टी से सस्पेंड हरिंदर खालसा ने सलाह दी है कि लोकसभा के खर्चे पर मान को शराब की लत छुड़वाने के लिए रिहैबिलिटेशन सेंटर भेजा जाए। इसके बाद ही उन्हें संसद आने की इजाजत दी जाए।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले खालसा ने मान पर संसद में शराब पीकर आने का आरोप लगाया था। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इस आरोप को खारिज कर दिया था। मान ने चंद हफ्ते पहले संसद जाते वक्त लाइव वीडियो फेसबुक पर पोस्ट कर दिया था। वीडियो में संसद में एंट्री के सारे सिक्युरिटी चेक प्वाइंट्स नजर आ रहे हैं। मान का यह वीडियो सामने आने के बाद संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ था।
संसद का लाइव वीडियो बना कर फेसबुक पर अपलोड करने के मामले में भगवंत मान पर एक्शन तय बताया जा रहा है। कई सांसदों ने उनपर संसद की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उन्हें बरखास्त करने की मांग की है। लोकसभा स्पीकर ने जांच पूरी होने तक भगवंत को संसद आने से पहले ही मना कर दिया है।
इससे पहले सांसद भगवंत मान के संसद वीडियोग्राफी मामले की जांच के वास्ते गठित समिति से बगावती तेवर अपनाने वाले मान ने कहा था कि उन्होंने सुरक्षा का उल्लंघन नहीं किया है। इस पर समिति के सदस्यों ने कहा कि यह विरोधाभासी है क्योंकि मान अपने कृत्य के लिए लोकसभाध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांग चुके हैं।