नई दिल्ली : असम के कोकराझार के मार्केट एरिया में अटैक किया गया है हमले में 12 लोगों के मारे जाने और करीब 20 से ज्यादा लोगों के घायल की सूचना है। बताया जा रहा है कि यह आतंकी हमला है एक संदिग्ध उग्रवादी भी मारा गया है। मौके पर सुरक्षा बलों की कई टीमों को रवाना कर दिया गया है। कोकराझार से सांसद नबा कुमार ने कहा कि ये हमला साजिशन इस हमले को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस हमले में घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा रहा है और स्थिति को काबू में करने की कोशिश जारी है। सुरक्षाबलों ने दो हमलावरों को मार गिराया है।
घटनास्थल से एक AK-47 और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इस हमले के दौरान कुछ दुकानों में आग भी लगा दी।जहां हमला किया गया है वह बेहद भीड़भाड़ वाला इलाका बताया जा रहा है। असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल ने प्रधानमंत्री को इस मामले की जानकारी दी है। गृहमंत्रालय असम हमले पर निगाह रखे हुए है।
गौर हो कि कोकराझार असम में उग्रवादियों का गढ़ है और पिछले दिनों यहां पर एनडीएफबी के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नबा कुमार के मुताबिक यहां पर अलर्ट जारी किया गया था और ऐसे में यह साफतौर पर सुरक्षा में हुई चूक है।
बताया जा रहा है कि आतंकी ने पहले बाजार में 3 ग्रेनेड फेंके और इसके बाद भीड़ पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सोनोवाल ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भी फोन कर घटना के बारे में बताया। केंद्र ने अर्धसैनिक बलों की टुकड़ी को कोकराझार भेजा है ताकि व्यवस्था संभालने में प्रशासन की मदद की जा सके। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने गोलीबारी सुबह साढ़े 11 बजे व्यस्त बालाजन बाजार में शुरू की। इसके बाद सुरक्षाबलों ने सघन अभियान शुरू किया।
गृहराज्य मंत्री किरण रिजीजू ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि कोकराझार वैसे तो शांत हो गया था। यह अचानक जो घटना हुई है, बहुत ही दुखद है। इतने लोगों की मौत बहुत गलत है। राज्य सरकार से बात कर जायजा लेना होगा।