नई दिल्ली : चीनी सेना ने एक बार फिर अरूणाचल प्रदेश के कामेंग जिले के यांगत्से क्षेत्र में घुसपैठ की। लेकिन भारतीय सेना ने इन्हें वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 9 जून को चीन के 250 सैनिक भारतीय सीमा में घुस आये थे। वे लोग 4 दलों में बटे हुए थे और लगभग 3 घंटे तक भारतीय सीमा में रहे। उसके बाद भारतीय सैनिकों के विरोध के बाद वापस अपनी सीमा में लौट गये।
सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक चीन से सटी सीमा का निर्धारण नहीं होने की वजह से कई बार चीनी सैनिक भारतीय सीमा में आ जाते हैं लेकिन भारतीय सैनिकों के विरोध के बाद वापस चले जाते हैं। पूर्वात्तर क्षेत्र में यह घटना इस साल की पहली घटना है। यह घटना उस समय हुई है जब चीन ने 48 सदस्यीय परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता के भारत के प्रयास का विरोध कर रहा है।
गौरतलब है कि भारत और चीन के बीच विवादित इलाका 4000 किलोमीटर का है। लेकिन चीन सीमा विवाद वाला क्षेत्र सिर्फ 2000 किलोमीटर ही मानता है। इसकी वजह यह है कि पाकिस्तान ने अपने कब्जे वाले कश्मीर में से अक्साई चीन को चीन के ही सुपुर्द कर दिया है। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद करीब 64 साल पुराना है। अभी तक इस पर कोई आम सहमति नहीं बनी है। यही कारण है कि आये दिन घुसपैठ की घटनायें होती रहती है।