लखनऊ. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह तीन दिनों के लिए लखनऊ दौरे पर हैं। शनिवार को लखनऊ पहुंचते ही अमित शाह ने अपने दांव चलने शुरू कर दिये हैं। शाह के लखनऊ पहुंचने के बाद सपा के दो नेताओं और बसपा के एक नेता ने अपना इस्तीफा दे दिया है।
सपा के एमएलसी और राष्ट्रीय शिया समाज के संस्थापक सदस्य बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बुक्कल नवाब ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ भी की है और कहा है कि सपा में उनका दम घुट रहा था। माना जा रहा है कि वे जल्द ही भाजपा में शामिल हो जाएंगे।
इसके अलावा, बसपा के एमएलसी जयवीर सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। बसपा से इस्तीफा देने के बाद जयवीर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं।
अमित शाह के इस दांव से यूपी के विपक्षी दलों में हड़कंप मच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीजेपी पर राजनीतिक भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। मायावती ने भी बौखलाहट में बीजेपी पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।