नई दिल्ली : केंद्र सरकार की लोकप्रियता को यथावत कायम रखने पर जोर देते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि 1950 से 2016 तक की हमारी यात्रा त्याग, बलिदान, संघर्षो और कठिन परिश्रम की यात्रा रही है और आज हमें आज इस बात की खुशी है कि देश को आगे ले जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी जरिया बनती हुई दिखाई दे रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के रूप में हमारे पास विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता मौजूद है, ऐसे में हमारा यह दायित्त्व बनता है कि हम आमजन की आशाओं और आकांक्षाओं पर खरे उतरें और पार्टी को मिल रहे व्यापक जन समर्थन को स्थायित्व प्रदान करें।
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री की व्यापक लोकप्रियता, संगठन की शक्ति और पार्टी की विचारधारा का ही परिणाम है कि आज लोगों के अपार जन समर्थन से केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार के अलावा देश के 12राज्यों में हमारी सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि 1950 से लेकर 2016 तक का सफर अनेकानेक कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, बलिदान और अथक परिश्रम की यात्रा रहा है। 10 सदस्यों के साथ शुरू हुई पार्टी लगभग 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
अमित शाह ने कहा कि आज जो पार्टी का वैभव है, वह केवल कुछ सालों के संघर्ष से प्राप्त नहीं हुआ है बल्कि यह कई ओजस्वी नेताओं और हजारों नाम-अनाम कार्यकर्ताओं के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी की मूल विचारधारा और सिद्धांतों पर चलते हुए हमें समय के साथ अपनी कार्यशैली में बदलाव करना होगा ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज गुरुवार को रक्षाबंधन के दिन नई दिल्ली स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा के नए केन्द्रीय कार्यालय का भूमि पूजन किया । भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन और विचारधारा का विस्तार करने के साथ-साथ भारत को विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने में अपनी महती भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।