अकरा : राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के अफ्रीका महाद्वीप के तीन देशों घाना, आईवरी और नामीबिया के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अफ्रीकी देशों की यात्रा कर सकते हैं। घाना में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान प्रणव मुखर्जी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के संभावित दौरे का संकेत दिया। भारत और अफ्रीका के बीच पुराने मित्रवत संबंधों को याद करते हुए आने वाले दिनों में इस रिश्ते को और मजबूत बनाने की बात कही।
राष्ट्रपति ने कहा कि तीन देशों का मेरा यह दौरा आकस्मिक नहीं है। कुछ समय पहले उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने ट्यूनीशिया और मोरक्को का दौरा किया था। मैं इन तीन देशों के दौरे पर हूं। इस बाद प्रधानमंत्री चार-पांच अफ्रीकी देशों का दौरा कर सकते हैं। हमारा यह दौरा अफ्रीकी देशों को यह संदेश देने के लिए है कि हम उनके साथ खड़े हैं।
राष्ट्रपति ने भारतीयों से कहा कि वे डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी जैसे कार्यक्रमों से जुड़ें। आज भारत का अफ्रीका के साथ 70 अरब डाॅलर से अधिक का व्यापार है। भारत ने पिछले कुछ वर्षों में घाना को कई परियोजनाओं के लिए 40 करोड़ डाॅली का रियायती कर्ज प्रदान किया है। एक्जिम बैंक रेल परियोजना के लिए धन मुहैया करा रहा है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को 2020 तक पांच अरब डाॅलर तक ले जाने पर सहमति जताई है।
राष्ट्रपति ने भारत की अर्थव्यवस्था में भारतीय मूल के लोगों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासियों की सक्रिय भूमिका के बगैर इन बड़े प्रयास संभव नहीं होते। आप सब का अमूल्य योगदान है।