कासरगोड़ : केरल के करीब 15 लड़कों के ISIS से जुड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। ये सारे लड़के अभी लापता बताए जा रहे हैं। ये सभी लड़के हाल ही में धार्मिक पढ़ाई करने कथित रूप से मध्य पूर्व देशों में गए थे। कासरगोड़ प्रशासन इन लड़कों की तलाश में जुटा है। इन लापता लड़कों के आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इन 15 लड़कों में से 11 लड़के कासरगोड़ जिले के और चार पलक्कड़ जिले के बताए जा रहे हैं। कासरगोड़ जिला पंचायत के सदस्य वीपीपी मुस्तफा ने कहा कि ईद के दौरान दो लापता लड़कों के माता-पिता को ह्वाट्सएप्प पर संदेश मिले। संदेश में लिखा था कि हम वापस नहीं आ रहे। यहां दैवीय नियम हैं। आप लोगों को भी यहां आ जाना चाहिए।’
एक अन्य संदेश में लड़कों ने लिखा है कि यूएस से लड़ने के लिए हम आईएस में शामिल हो गए हैं। मुस्तफा ने कहा कि हालांकि, संदेशों की सत्यता की जांच अभी की जानी है। संदेश जिन मोबाइल नंबरों से भेजे गए हैं उनका अफगानिस्तान और सीरिया के समीप होने का पता चला है। ये लड़के करीब एक महीने से लापता बताए जा रहे हैं।
इन सभी लापता युवकों के परिजनों ने केरल के सीएम पिनराई विजयन से मुलाकात करके मदद की गुहार लगाई है। साथ ही परिजनों ने यह भी कहा कि अगर वो गलती मानकर वापस आ जाते हैं तो उन्हें स्वीकार कर लेंगे नहीं तो उनका शव भी नहीं लेंगे।