नई दिल्ली : स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा है कि देश में अब तक 11 लाख 86 हजार दो सौ तीन लोग कोविड के उपचार के बाद ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटों में देश में 40 हजार पांच सौ 74 कोविड-19 रोगी उपचार के बाद स्वस्थ हुए। इसके साथ ही कोरोना से स्वस्थ होने की दर 65 दशमलव सात-छह प्रतिशत हो गई है। कोरोना से मृत्युदर भी घटकर दो दशमलव एक-एक प्रतिशत तक आ गई है।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड के 52 हजार नौ सौ 72 नए मरीजों का पता लगा है। इससे कुल संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ कर 18 लाख तीन हजार छह सौ 95 हो गई है। इस समय देश में पांच लाख 79 हजार तीन सौ 57 लोगों का इलाज चल रहा है। एक दिन में सात सौ 71 लोगों की मौत की पुष्टि के साथ देशभर में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 38 हजार एक सौ 35 हो गई है।