बरेली : उत्तर प्रदेश में आये दिन जिस तरह से छेड़छाड़ और बलात्कार की खबरें सामने आ रही है, वह बहुत ही शर्मनाक और दुखद है। हालिया मामला बरेली जिले का है। वहां लफंगों के छेड़छाड़ के डर से करीब 50 छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया है।
प्राप्त खबर के अनुसार, बरेली के दुनवा में इंटर काॅलेज में पढ़ने वाली एक नहीं बल्कि 50 छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। इसके पीछे की वजह है मनचलों द्वारा लड़कियों की छेड़छाड़। स्कूल के आसपास मनचलों ने अपना अड्डा जमा लिया था। ये आये दिन स्कूल आने-जाने के दौरान लड़कियों को छेड़ते थे। कई बार पुलिस से भी शिकायत की गई। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मनचलों का मन इतना अधिक बढ़ गया था कि वे लड़कियों को बाइक से टक्कर भी मारने लगे और इनका रास्ता रोककर परेशान करने लगे। लड़कियों ने जब अपनी आबरू खतरे में नजर आने लगी तो इन्होंने स्कूल जाना ही छोड़ दिया।
यूपी में लड़कियों से छेड़छाड़ और बलात्कार के मामले काफी अधिक बढ़ गये हैं। बीते शुक्रवार को बुलंदशहर में एक औरत और उसकी बेटी के साथ बलात्कार की घटना घटी। उसके दो दिन बाद एक शिक्षिका को अगवा कर सामूहिक बलात्कार किया गया। छेड़खानी की घटना आम बात हो चुकी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक साल में उत्तर प्रदेश में बलात्कार और छेड़खानी के मामले में करीब दुगने से अधिक की वृद्धि हुई है।