इम्फाल| सात विद्रोही समूहों द्वारा बहिष्कार और हड़ताल का आह्वान करने के बावजूद मंगलवार को मणिपुर में स्वतंत्रता दिवस शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराया और मणिुपर राइफल्स परेड ग्राउंड में सेना की 43 टुकड़ियों की सलामी ली।
भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यो और प्रजा उन्मुख परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “लोगों की सेवा करने के लिए एक सरकार है।”
राज्य में स्वतंत्रता दिवस समारोह के पहले हुए दो विस्फोटों के बावजूद समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के लिए मुख्यमंत्री ने आभार जताया।
विद्रोहियों द्वारा बहिष्कार और बंद का आह्वान करने के कारण मणिपुर और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
पुलिस महानिदेशक एल.एम. खौटे ने कहा कि इम्फाल में बम लगाने की साजिश में शामिल दो पुलसिकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए गए हैं।
जिला और उप मंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए।