नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में प्रतिदिन करीब 1,400 सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इनमे 400 लोग मारे जाते हैं। लगभग 77 फीसदी घटनाओं के लिए चालक जिम्मेदार होते हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रलय की ‘भारत में सड़क दुर्घटना -2015’ नाम से जारी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
गडकरी ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि दुनिया में सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं भारत में होती हैं। स्वीडन में पिछले वर्ष महज एक सड़क दुर्घटना हुई थी। जबकि भारत में पांच लाख सड़क हादसे हुए। उन्होंने यह भी कहा कि इन दुर्घटनाओं में 90 प्रतिशत तक सुधार लाया जा सकता है। सरकार इस दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। गडकरी ने दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक से सस्ते और हल्के हेलमेट बनाने का विशेषज्ञों से आग्रह किया है।
गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि के लिए फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस को भी एक कारण बताया और कहा कि देश में 30 प्रतिशत लाइसेंस फर्जी बन रहे हैं। इन पर लगाम कसना आवश्यक है। इसके लिए कम्प्यूटराइज्ड सिस्टम तैयार किया जा रहा है।
आंकड़े पर गौर करें तो सबसे अधिक 23,468 सड़क हादसे मुंबई में हुए और 1622 मौतें हुईं दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार पांच लाख सड़क हादसों में एक तिहाई मामले दुपहिया वाहनों से जुड़े हुए थे। सूची में कर्नाटक,मध्य प्रदेश,केरल,महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना, गुजरात, छत्तीसगढ़ भी हैं। हादसे में मरने वालों में 33 फीसदी 15-24 आयु वर्ग के थे। 77,116 हादसे ओवरलोड वाहनों के कारण हुए ।
हादसों का सबसे बड़ा कारण तेज रफ्तार है। सबसे अधिक 62.2 फीसदी हादसे इसी कारण होते हैं। सबसे अधिक 61 फीसदी मौतें भी इसी कारण से होती है।