नई दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को ऐलान किया कि कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बी एस येदियुरप्पा भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। तीन राज्यों गुजरात, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। अमित शाह ने संकेत दिया कि गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रूपानी ही इस पद के लिए पार्टी की पसंद बने रहेंगे। हालांकि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में वे जवाब नहीं दे पाये।
अमित शाह ने हालांकि कहा कि पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी के मख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में अभी तय नहीं किया है, जहां गुजरात के साथ चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में येदियुरप्पा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जायेगा’’ यह पूछे जाने पर कि येदियुरप्पा जो प्रदेश पार्टी अध्यक्ष है, वे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, शाह ने कहा, ‘‘हां, वे होंगे।’’
कर्नाटक में हाल में भाजपा में गुटबाजी की खबरें आई हैं जहां पूर्व उपमुख्यमंत्री के एस ईश्वरप्पा के नेतृत्व वाला गुट येदियुरप्पा के नेतृत्व पर निशाना साधता रहा है। इसके बारे में पूछे जाने पर शाह ने कहा कि वह जल्द ही राज्य के दौरे पर जाने वाले हैं । पार्टी ने हाल ही में कुछ नेताओं पर कार्रवाई की है। यह पूछे जाने पर कि क्या रूपानी गुजरात चुनाव में भाजपा का चेहरा होंगे, शाह ने कहा, ‘‘वे पहले से ही मुख्यमंत्री हैं।’’