शेखपुरा| बिहार के शेखपुरा जिला में बुधवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ एक ट्रेन से कटकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, कोसुम्भा सहायक थाना क्षेत्र के ऐफनी गांव के मिंटू साव की पत्नी पिंकी देवी का ससुरालवालों से अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद के कारण वह अपने पति के साथ शेखपुरा में एक किराये के मकान में रहने लगी। इसी बीच, बुधवार को वह अपने बच्चों के साथ ससुराल आई थी और सास-ससुर से मामूली बात को लेकर फिर विवाद हो गया।
विवाद के बाद महिला गुस्से में अपने बच्चों को लेकर घर से निकल गई और गया-किउल रेलखंड स्थित कोसुम्भा हॉल्ट के समीप आ रही एक ट्रेन के सामने अपने बच्चों के साथ लेट गई। इस घटना में चारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
शेखपुरा राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान पिंकी देवी (31), उसकी बेटी स्वीटी कुमारी (नौ), अष्टिका कुमारी (सात) तथा पुत्र अंकुश कुमार (चार) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।