पटना : बिहार के चर्चित टाॅपर घोटाले का मास्टर माइंड बच्चा राय आखिरकार कानून की गिरफ्त में आ ही गया। पुलिस ने वैशाली जिले के विशुन राय काॅलेज से उसे नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया है। बच्चा राय इसी काॅलेज का प्रिंसिपल भी है, जहां से वह टाॅप कराने और डिग्री बेचने का गोरखधंधा चलाता है।
बच्चा राय ने ऐलान किया था कि पुलिस उसे कभी गिरफ्तार नहीं कर पायेगी, बल्कि वह खुद काॅलेज पहुंचकर मीडिया से बात करने के बाद सरेंडर करेंगा। उसकी इस घोषणा के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती काॅलेज परिसर और उसके आसपास की गई। पुलिस चैकस थी कि उसे काॅलेज पहुंचने से पहले गिरफ्तार कर लिया जायेगा लेकिन बच्चा राय सभी को चकमा देते हुए काॅलेज पहुंच गया जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अपने गिरफ्तारी के समय वह खुद को निर्दोष बता रहा था और कह रहा था कि उसके उपर लगाये गये सारे आरोप तथ्यहीन है। उसका किसी भी बड़े नेता से कोई संबंध नहीं है।
आपकों बताते चलें कि बच्चा राय वैशाली के वीआर काॅलेज का प्रिंसिपल है जहां से फर्जी तरीके से रूबी और सौरभ को पूरे बिहार में इंटर की परीक्षा में टाॅप करवाया गया था। यह वह शख्स है जो पैसे लेकर डिग्री बांटने और टाॅप करवाने का काम करता है। खुद दो बार इंटर फेल आज इंटर की परीक्षा में बच्चों को टाॅप करवाने लगा है। पढ़ने की उम्र में अपने पिता की काॅलेज में प्रिंसिपल बन कर उसने काॅलेज को टाॅपर बनाने की फैक्ट्री बना दी। शिक्षा माफिया बन इसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है।