Rajpath Desk : कानपुर में विकास दुबे व उसके सहयोगियों के द्वारा मारे गए 8 पुलिसकर्मियों के मामले में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यूपी पुलिस ने विकास दुबे के बेहद करीबी अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया है। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने आज इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
अमर दुबे कानपुर के चौबेपुर के विकरू गांव में हुए शूटआउट में शामिल था। जहां सुनियोजित तरीके से 8 पुलिसकर्मियों की जान ली गइ थी। अमर दुबे को विकास का राइट हैंड कहा जाता था। यूपी पुलिस ने इसपर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
वहीं विकास दुबे की तलाश तेज हो गई है। हालांकि पुलिस को फरीदाबाद के एक गेस्ट हाउस में विकास दुबे के होने की खबर आई, लेकिन पुलिस को वहां भी निराशा हाथ लगी। राज्य के हर कोने में पुलिस को अलर्ट करने के साथ ही नेपाल बार्डर पर भी पुलिस को अलर्ट किया गया है। पुलिस ने विकास दुबे का पोस्टर भी चप्पे-चप्पे पर चिपकाया है। ताकि लोग उसे पहचानकर पुलिस को जानकारी दे सकें।
इस मामले में चौबेपुर थाना के दो दारोगा और एक सिपाही को हाल में ही सस्पेंड कर दिया गया था। ये तीनों पुलिसकर्मी विकास दुबे से संपर्क में थे। पुलिस ने विकास दुबे के सहयोगी दयाशंकर अग्निहोत्री को पकड़ा, जिसने इस बात का खुलासा किया कि विकास दुबे को छापेमारी की भनक पहले ही लग चुकी थी। उसे थाने से इस बात की सूचना फोन पर दी गई थी। जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम देने की सारी तैयारी की थी।
वहीं चौबेपुर थाना में 10 नए सिपाहियों की तैनाती की गई है, जिन्हें पुलिस लाइन से चौबेपुर थाना में अब तैनाती मिली है। थाने के पुराने पुलिसकर्मियों को इस मामले में जांच के दायरे में रखा गया है।